
चाईबासा : देश में मुफ्त वैक्सीनेशन की मांग को लेकर झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी, पश्चिमी सिंहभूम का एक प्रतिनिधिमंडल कार्यकारी अध्यक्ष अम्बर राय चौधरी व रंजन बोयपाई के नेतृत्व में उपायुक्त की अनुपस्थिति में नजारत उपसमाहर्ता जयंत रंजन से मिलकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में केन्द्र सरकार से मांग किया गया कि पूरे देश में निःशुल्क वैक्सीनेशन की नीति लागू की जाए. प्रतिदिन एक करोड़ वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने और भारत के हर नागरिक को मुफ्त वैक्सीन की व्यवस्था कराई जाए.
केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार कोरोना की लड़ाई में अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है. देश के नागरिकों को उसके ही हाल पर छोड़ दिया है. केन्द्र सरकार 150 रुपये में वैक्सीन खरीद रही है और राज्यों को 300 रुपये में दे रही है. यह सरासर गलत है. केन्द्र सरकार को राज्यों को मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध करानी चाहिए. केन्द्र सरकार गैर भाजपा शासित राज्यों के साथ भेदभाव कर रही है. एक तो वैक्सीन का दोगुना दाम ले रही है दूसरी ओर पर्याप्त संख्या में वैक्सीन भी उपलब्ध नहीं करा रही है. केंद्र सरकार ने 35 हजार करोड़ रुपए कोरोना वैक्सीन के लिए बजट में खर्च करने की बात कही थी लेकिन अब वैक्सीन के लिए अलग अलग नीति तैयार की जा रही है.
पूरे देश में निःशुल्क वैक्सीनेशन हो इसको लेकर केन्द्र सरकार को निःशुल्क वैक्सीनेशन नीति लानी चाहिए. वैक्सीनेशन पर एक देश एक नीति के तहत काम होना चाहिए कोरोना पर राजनीति नहीं हो . इस अवसर पर त्रिशानु राय, नीरज कुमार झा, संतोष सिन्हा, विकास बर्मन आदि शामिल थे.




