
मुसाबनी : कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर मुसाबनी प्रखंड में चल रहे टीकाकरण अभियान में तेजी लाने और इसे लेकर ग्रामीणों में फैली भ्रांतियों और अफवाहों को दूर करने के लिए उप निर्वाचन पदाधिकारी कानूराम नाग और प्रखंड विकास पदाधिकारी सीमा कुमारी ने लगातार ग्रामीण क्षेत्र में जाकर लोगों को कोरोना संक्रमण की जानकारी देकर उन्हें जागरूक कर रहे है. इस क्रम में आज मुसाबनी प्रखंड की धोबनी पंचायत के नेत्रा गांव में वैक्सीन लेने के प्रति जन जागरूकता अभियान चलाते हुए ग्रामीणों से टीका लेने की अपील की. उप निर्वाचन पदाधिकारी ने ग्रांमीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि टीका लेकर आप दूसरे लोगों को भी प्रेरित करें, समाज के सभी लोगों के योगदान से ही कोरोना से जंग जीता जा सकता है. इसके लिए सभी को टीका लगाना जरूरी है. प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि वैक्सीनेशन से ही सुरक्षित रहा जा सकता है. वैक्सीन लेने के बाद बहुत ही कम लोगों को कोरोना हुआ है और यदि हुआ भी है तो वे जल्दी ठीक हो गए है. वैक्सीनेशन के उपरांत भी उन्होंने सभी से कोविड के नियमों का पालन करने, मास्क पहनने और सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील की है. दोनों पदाधिकारियों द्वारा ग्राम प्रधान और जन प्रतिनिधियों को भ्रम फैलाने वालों पर संख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.














