
रांची: चेन्नई के एमजीएम में इलाजरत झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं. उन्हें सोमवार को चेन्नई से रांची लाने की तैयारी पूरी कर ली गई है. इसके लिए रिम्स के दो विशेषज्ञ चिकित्सक को चेन्नई भेजा जाएगा. शिक्षा मंत्री को लाने के लिए एक चार्टर्ड प्लेन सोमवार को चेन्नई के लिए रवाना हुआ. मंत्री को लाने रिम्स क्रिटिकल केयर विभागाध्यक्ष डा. पीके भट्टाचार्य और मेडिसिन विभाग के डा. अजीत डुंगडुंग भी जाएंगे. वे वहां मंत्री की सघन जांच करेंगे और संतुष्ट होने के बाद शिक्षा मंत्री को अपनी देखरेख में सोमवार को ही चार्टर्ड प्लेन से लेकर रांची लौटेंगे.विदित हो कि मंत्री पिछले साल सितंबर महीने के अंतिम सप्ताह में कोरोना संक्रमित हुए थे. इसके बाद उन्हें रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था. स्वास्थ्य की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर एमजीएम, चेन्नई के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम रांची बुलाई गई थी. इसके बाद टीम की सलाह पर मंत्री को 19 अक्टूबर को चिकित्सकों की देखरेख में एयर एंबुलेंस से चेन्नई भेजा गया. चेन्नई के महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर (एमजीएम) में मंत्री का कोरोना संक्रमण से खराब फेफड़ा को ट्रांसप्लांट किया गया है. इसके बाद उनकी स्वास्थ्य में लगातार सुधार होता गया.करीब नौ महीने के बाद शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो रांची आंएंगे. शिक्षा मंत्री के आगमन को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने डोरंडा स्थित उनकी आवास की साफ-सफाई समेत सभी आवश्यक चीजों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिया. इसके बाद उनके आवास को सेनिटाइज किया गया. इसके बाद रिम्स के चिकित्सकों ने निरीक्षण भी किया. शिक्षा मंत्री के आने के पहले उनके आवास को पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है.






