
घाटशिला : मुसाबनी प्रखंड के गिरीश टोला स्थित तालाब के ऊपर से गांव की ओर ले जाये गये बिजली तार को हटाने की मांग झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष सह मुखिया प्रधान सोरेन ने बिजली विभाग के अधिकारियों से की है. सोरेन ने कहा कि जमशेदपुर के पीपला की घटना की पुनरावृत्ति मुसाबनी में ना हो इसे देखते हुए उन्होंने विभाग के पदाधिकारियों से बिजली की तार को तालाब से दूर हटाकर अन्य स्थान से बिजली तार ले जाने की मांग की है. कहा कि उक्त तालाब के उपर से 1100 वोल्ट की जर्जर बिजली तार गया है. तालाब में तार के नीचे रोजाना दर्जनों ग्रामीण नहाने, कपड़ा धोने आदि का काम करते है. दुर्घटना की संभावना को देखते हुए बिजली तार को तालाब से हटाकर अन्य स्थान से ले जाया जाए की बात कही है. झामुमो नेता की मांग पर बिजली विभाग के कर्मी ने उनके साथ स्थल का निरीक्षण किया है. विभाग के पदाधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया है कि इस दिशा में विभाग द्वारा जल्द ही उचित पहल की जाएगी.



