
जमशेदपुर: टाटानगर से बादामपहाड़ रेलखंड पर गुरुवार को 110 सालों के बाद इलेक्ट्रिफिकेशन का काम गुरुमहिसानी तक पूरा होने पर एक इलेक्ट्रिक इंजन को रवाना किया गया. अभी इस रेलखंड पर गुरुमहिसानी से बादामपहाड़ स्टेशन तक इलेक्ट्रिफिकेशन का काम अभी बाकी है. उसके बाद टाटानगर रेलवे स्टेशन से बदाम पहाड़ पैसेंजर ट्रेन को भी इलेक्ट्रिक से ही चलाया जाएगा. जब मालगाड़ी को लेकर जाने के लिए टाटानगर स्टेशन पर लोको पायलट संजय कुमार और सहायक पायलट मनोज कुमार सवार हुए तब उनके चेहरे खिले हुए थे. उन दोनों ने कहा कि यह रेल मंडल के लिए बहुत ही गर्व की बात है. 2 महीने के अंदर टाटानगर से बादामपहाड़ पैसेंजर भी चलेगी. इलेक्ट्रिक से इस रेलखंड का विस्तार रेलवे की ओर से करने की योजना है. इसको लेकर इस रेलखंड को आधुनिक स्तर का बनाने का काम किया जा रहा है. इस रेलखंड को दोहरीकरण करने की भी योजना रेलवे की ओर से बनाई गई है. विभागीय स्तर पर सभी कार्यों को पूरा करने का काम किया जा रहा है.
















