
जमशेदपुर : विधायक सरयू राय की अनुशंसा पर झारखंड सरकार के ऊर्जा विभाग की संस्था ज्रेडा (झारखंड रिन्युएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी) ने जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मुहल्लों की गलियों में और चौक-चौराहों पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिये पहले चरण में 1050 सोलर लाइट लगाने का आदेश आज जारी कर दिया. इसके अतिरिक्त बहुत जल्द 513 सोलर स्ट्रीट लाइट दूसरे चरण में लगा दिये जायेंगे. इसके लिये जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने अपनी विधायक निधि से 85 लाख रूपये निर्गत किया है. यह झारखंड राज्य की पहली योजना है जिसके तहत किसी विधान सभा क्षेत्र में 1563 सोलर लाइट लगाने की योजना स्वीकृत हुई है. श्री राय आज राँची स्थित ज्रेडा के मुख्यालय गये और ज्रेडा के निदेशक केके वर्मा से भेंट कर कार्यादेश प्राप्त किया और उन्हें धन्यवाद दिया. श्री वर्मा ने इस कार्य को सम्पादित कराने का ज़िम्मा ज्रेडा के परियोजना निदेशक विजय सिन्हा को दिया है. ज्रेडा निदेशक ने श्री राय को आश्वस्त किया कि विश्व स्तर की विद्युत उपकरण निर्माता कम्पनियों – हैवेल्स और एचपीएल-द्वारा उत्पादित उपकरणों का उपयोग सोलर लाइट सिस्टम में किया जायेगा. ज्रेडा ने यह कार्य सम्पन्न करने के लिये पाँच संवेदकों का चयन किया है जिनका विवरण कार्यादेश में अंकित है. ये सोलर स्ट्रीट लगायेंगी और अगले 5 वर्ष तक इनकी मरम्मत एवं देखभाल भी करेंगी. कार्य की अन्य शर्तें भी कार्यादेश में हैं. ज्रेडा ने जमशेदपुर पूर्वी विधान सभा क्षेत्र में सोलर लाइट लगाने के लिये ज़िला प्रशासन से पूर्व अनुमति प्राप्त कर लिया है.








