
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को स्थित मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट के संचालक हरपाल सिंह थापर की शुक्रवार रात घाघीडीह जेल में संदिग्ध अवस्था में मौत के बाद सिख समाज में आक्रोश का माहौल है. रविवार को मृतक की पत्नी पुष्पा रानी तिर्की को भी जेल से 12 घंटे के पैरोल पर बाहर निकाला गया. सुबह 9 बजे ही वह जेल परिसर से बाहर आई जहां से सुरक्षा के बीच उसे सीधा टेल्को स्थित आवास ले जाया गया. यहां हरपाल सिंह के अंतिम दर्शन के बाद शव को स्वर्णरेखा बर्निंग घाट लेकर जाया गया, जहां परंपरा के अनुसार शव का अंतिम संस्कार किया गया. स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर परिजनों के अलावा सिख समाज के लोग भी पहुंचे थे. (नीचे भी पढ़ें)

इधर इस मामले को लेकर पुष्पा रानी तिर्की भी सदमे में है. वह इस मामले में कुछ भी नही बता पा रही है. परिजनों के अनुसार शव के अंतिम संस्कार हो जाने के बाद उपायुक्त और एसएसपी से मिलकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी. जेल में इस तरह एक कैदी की मौत हो जाना जेल प्रशासन की खामियां उजागर करता है. वहीं दूसरी ओर जब जेल प्रशासन के पास कैदी के परिजनों का नंबर होता है तो प्रशासन ने घटना की जानकारी फोन पर क्यों नही दी. ये सब बातें जेल प्रशासन के खिलाफ सवाल खड़े करती है. बता दें कि टेल्को के मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट के संचालक हरपाल सिंह थापर, उनकी पत्नी पुष्पा रानी तिर्की समेत अन्य पर यौन शोषण करने का आरोप लगा था. इस मामले में पुलिस ने सभी को गिरफ्तारी कर लिया था. जेल प्रशासन के अनुसार शुक्रवार की सुबह हरपाल सिंह थापर की तबीयत खराब होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां रात 8 बजे के बाद उसका पल्स रेट गिरने लगा. एमजीएम अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई. वहीं परिजनों ने जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुष्पा रानी तिर्की ने क्या कहा
यहां पैरोल पर बाहर आयी पुष्पा रानी तिर्की ने बताया कि पिछले सोमवार को उसके पति हरपाल सिंह थापर से मुलाकात करायी गयी थी. तब वे एकदम तंदुरुस्त थे. उसके तीन दिन बाद वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट के समक्ष पेशी थी, उस समय वह नहीं है. तब पुष्पा रानी ने अपने भांजे से पूछा कि मामा क्यों नहीं आये. इस पर भांजे ने बताया कि मामा के पांव में सूजन है. चल नहीं पा रहे हैं. इस कारण नहीं आये. इस पर पुष्पा रानी ने डॉ राजीव से बात की, जिन्होंने कहा कि उन्हें एमजीएम रेफर कर दिया गया है. उसके बाद हरपाल सिंह के बारे में पुष्पा रानी को कोई खबर नहीं मिली. शनिवार की सुबह उन्हें पता चला कि उनके पति का देहांत हो गया है. पुष्पा रानी ने इस मामले की सीबीआई जांच और अपनी व इस मामले में अपने साथ जेल में बंद आरोपियों की सुरक्षा की मांग की है.






