
जमशेदपुर : कल सोमवार से रेड क्रॉस भवन में कोविशील्ड पेड टीकाकरण शुरु हो जायेगा। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा संचालित डीसी ऑफिस रोड स्थित रेड क्रॉस भवन के रेड क्रॉस वैक्सीन सेन्टर में कोविशील्ड की पेड वैक्सीन 19 जुलाई सोमवार से उपलब्ध हो जायेगी। 780/- रुपये प्रति डोज पर यह वैक्सीन प्रातः 10 बजे से संध्या 5 बजे तक उपलब्ध हो पायेगा तथा आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट की छायाप्रति तथा मोबाईल नम्बर के साथ 18 वर्ष से अधिक के कोई भी नागरिक फर्स्ट डोज या सेकेंड डोज के लिए इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। कोरोना के तीसरे लहर का अंदेशा भी विशेषज्ञ बार बार जता रहे हैं और इसके लिए टीकाकरण को एकमात्र बचाव का कारगर उपाय बता रहे हैं, ऐसे में सक्षम लोग पेड वैक्सीन का लाभ उठा सकते हैं। रेड क्रॉस वैक्सीन सेन्टर में जरूरत के अनुसार 4 टीम सक्रियता के साथ कोवीशील्ड वैक्सीनेट करने को तत्पर रहेगी। इसके अलावा कोरोना के तीसरे लहर के दौरान बच्चों पर अधिक खतरे के साथ साथ फेफड़े में निमोनिया के इन्फेक्शन का खतरा भी चिकित्सक महसूस कर रहे हैं। इससे बचाव के लिए बच्चों को नियमित टीकाकरण के दौरान निमोनिया इन्फेक्शन का टीका दिया जाता है, जो जीवन में एक बार ही लेना होता है। चुकि बच्चों के लिए अभी कोविड टीकाकरण उपलब्ध नहीं है ऐसे में चिकित्सक के परामर्श पर वैसे बच्चों को निमोनिया इन्फेक्शन से बचाव हेतु निमोनिया का टीका उपलब्ध कराया जायेगा, जिन्हें नियमित टीकाकरण में यह टीका नहीं मिला है। निमोनिया का टीका एक पेड वैक्सीन है, जो हर आयु वर्ग के लिए उपयुक्त है, इसे चिकित्सक के परामर्श पर लिया जा सकता है।






