
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत ट्रैक्स बार में उस वक्त हंगामा मच गया जब बार में शराब पी रहे ग्राहक और बार के कर्मचारी आपस में भिड़ गए. इस दौरान दोनो पक्ष के बीच हाथापाई भी हुई. सूचना पाकर साकची पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को थाने ले गई. घटना रात 9 बजे की बताई जाती है. कोरोना गाइडलाइन के अनुसार रात 8 बजे के बाद सभी दुकानें बंद कर देना है, फिर भी ट्रैक्स बार को बाहर से बंद कर अंदर लोगों को शराब पिलाई जा रही थी. घटना के संबंध में बताया जाता है कि कुछ लोग अपने साथियों के साथ बार में शराब पी रहे थे. इतने में वहां उन्हें गांजा की गंध आने लगी. उन्होंने जब इसकी शिकायत काउंटर पर बैठे कर्मचारी से की तो उसने गुस्से में आकर अपने पास रखे लाठी से उनपर वार कर दिया. इसी बात को लेकर दोनो के बीच झड़प भी हुई. हालांकि दूसरे पक्ष ने इस मामले में कुछ भी नही कहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.





