
जमशेदपुर : वैश्विक महामारी कोरोना की दूसरी लहर के बाद अब तीसरी लहर की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है. ऐसे में जिले के अंतिम व्यक्ति तक को सुरक्षित रखने को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा कई कड़े कदम उठाए जा रहे हैं. इसी कड़ी में टाटानगर रेलवे स्टेशन में पुनः बैरिकेडिंग का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है. इस बीच एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नंदकिशोर लाल ने एआरएम के साथ पूरे टाटानगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. हर यात्रियों की जांच सुनिश्चित हो इसे लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने बताया कि तीसरी लहर का खतरा हमारे समक्ष है, केरल से ओड़िशा तक डेल्टा वेरिएंट का खतरा सामने आया है. ऐसे में पूर्वी सिंभूम जिले में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की जांच हो, इसे लेकर टाटानगर रेलवे स्टेशन में जांच का दायरा भी बढ़ाया गया है. उन्होंने बताया जो भी संक्रमित यात्री पाए जा रहे हैं उनको सीधे अस्पताल भेजा जा रहा है. टाटानगर रेलवे स्टेशन में हर यात्रियों के बीच सामाजिक दूरी का पालन हो सारे यात्री मास्क पहनकर ही टाटानगर रेलवे स्टेशन में प्रवेश करें, इन सब बातों को सुनिश्चित किया जा रहा है.



