
जमशेदपुर : जमशेदपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारी जोरो पर है. इसी क्रम में बुधवार को पुलिस व अद्धसैनिक बल के जवानों ने गोपाल मैदान में परेड का पूर्वाभ्यास किया. इस दौरान पहले सभी पुलिस व अद्धसैनिक बलों के जवानों की कोरोना टेस्ट करायी गयी, जिसमें सभी नेगेटिव पाये गये. उसके बाद उन्हें अभ्यास की अनुमति दी गयी. वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एम तमिल वाणन ने बताया कि परेड में पांच टुकड़ियां शामिल होंगी, जिनमें डीएपी (महिला/पुरुष), जैप, होमगार्ड, एनसीसी (महिला/पुरूष) को शामिल किया जाएगा. रिहर्सल कार्यक्रम तीन दिनों का होगा. 11 व 12 को अभ्यास के बाद 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल किया जायेगा. सभी प्लाटून एक ही रंग के मास्क/ग्लब्स धारण करेंगे. गौरतलब है कि कोरोना को देखते हुए इस वर्ष स्कूली बच्चों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल नहीं किया जाएगा.
जमशेदपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर 29 जुलाई को उपायुक्त सूरज कुमार ने बैठक की थी. जिसमें उपायुक्त ने बताया था कि कोविड-19 का पालन करते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इसे लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया था, जिसमें निदेशक डीआरडीए सौरव कुमार सिन्हा, एसडीओ-धालभूम संदीप कुमार मीणा, एडीसी प्रदीप प्रसाद, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नंदकिशोर लाल, एनडीसी रवींद्र गागराई, डीपीआरओ रोहित कुमार के अलावा जिला शिक्षा अधीक्षक, एसडीपीओ-घाटशिला, डीएसपी ट्रैफिक, डीएसपी सीसीआर व जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण कुमार भी सदस्य के रूप में शामिल किए गए थे. इस दौरान कोविड-19 के फ्रंटलाइन वर्कर को सम्मानित किया जाएगा. जितने भी अतिथियों को शामिल किया जाएगा उन्हें निमंत्रण कार्ड भेजा जाएगा. इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी या नगर निकाय पदाधिकारी के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के घर जाकर सम्मानित करेंगे.
तिरंगा यात्रा पर मनाही : कोविड-19 को देखते हुए तिरंगा यात्रा निकालने पर प्रतिबंध रहेगा. बच्चे किसी भी कार्यक्रम का हिस्सा नहीं होंगे. इस दौरान संबंधित शिक्षण, प्रशिक्षण संस्थान, सामाजित संस्था व दल विशेष कार्यक्रम में मैनेजमेंट कमेटी के लोग सिर्फ शामिल हो सकेंगे.





