
जमशेदपुर : मानगो नगर निगम इन दिनों नक्शा विचलन करने के मामले में सख्ती बरत रहा है. सख्ती बरतते हुए नगर निगम ने नक्शा विचलन कर मकान का निर्माण करा रहे दो भवनों को सील कर दिया है. यह कार्रवाई कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय की ओर से की गई. मानगो नगर निगम के जांच टीम द्वारा निर्माण निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण के उपरांत कार्यालय द्वारा नोटिस निर्गत किया गया था. नोटिस में निर्माणाधीन भवन नक्शा की मूल प्रति के साथ अपना पक्ष रखने हेतु समय दिया गया था पर मकान मालिक की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया. कार्रवाई करते हुए गुरुवार को डिमना रोड स्थित विकास सिंह और ओल्ड पुरुलिया स्थित कबीर मंजिल के भवन को सील किया गया है. इस मौके पर नगर प्रबंधक जितेंद्र कुमार, राहुल कुमार, सहायक अभियंता संतोष कुमार, कनीय अभियंता सुबोध कुमार, कार्यालय सहायक चंडी चरण गोस्वामी आदि उपस्थित थे.




