जमशेदपुर : टाटा स्टील की सहयोगी कंपनी टीआरएफ कंपनी के कर्मचारियों के लिए बोनस समझौता गुरुवार को संपन्न हुआ. कंपनी प्रबंधन और टीआरएफ लेबर यूनियन के बीच हुए इस समझौते के तहत कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए 12.44 फीसदी बोनस पर सहमति बनी. उत्पादन, लाभ और सुरक्षा के आधार पर निर्धारित फार्मूले के अनुसार कर्मचारियों का बोनस लगभग 9.8 फीसदी निर्धारित हो रहा था. हालांकि, कर्मचारियों के निरंतर सहयोग, योगदान और मनोबल को ध्यान में रखते हुए यूनियन के अनुरोध पर प्रबंधन ने सकारात्मक पहल की और 12.44 फीसदी बोनस देने पर सहमति व्यक्त की. समझौते के तहत कर्मचारियों को अधिकतम 91,022 रुपये और न्यूनतम 29,634 रुपये बोनस राशि प्राप्त होगी. इस समझौते से लगभग 154 कर्मचारी लाभान्वित होंगे. बोनस की राशि 18 सितंबर तक कर्मचारियों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर बोनस समझौते पर प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक उमेश कुमार सिंह, सीएफओ अनिमेष उपाध्याय, सीएचआरओ अभिजीत सिंह, हेड मैन्युफैक्चरिंग रवि राव मांडा, हेड एससीएम सौरभ मेहता, हेड फाइनेंस एवं अकाउंट्स प्रियंका गांगुली, यूनिट लीडर पर्सनल एंड आईआर प्रमोद कुमार ने हस्ताक्षर किए. वहीं, यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महामंत्री अंजनी कुमार, डिप्टी प्रेसिडेंट संजय कुमार, वाइस प्रेसिडेंट बेबी कुमारी, सहायक सचिव नवीन कुमार, मनीष कुमार, कोषाध्यक्ष प्रिया महतो, सुशील कुमार, धर्मेंद्र कुमार सिन्हा, धर्मेंद्र कुमार, राजीव कुमार सिंह, सुब्रता देव एवं रवि कुमार ने हस्ताक्षर किए. बोनस समझौते के बाद यूनियन ने कर्मचारियों के हित में सकारात्मक और सहयोगात्मक रुख अपनाने के लिए कंपनी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया. साथ ही, प्रबंधन और यूनियन ने भविष्य में भी आपसी सहयोग, विश्वास और बेहतर समन्वय के साथ कंपनी की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया. यह समझौता कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ प्रबंधन और यूनियन के बीच बेहतर औद्योगिक संबंधों की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम माना जा रहा है.







