
रांची : धनबाद कोर्ट के एडीजे उत्तम आनंद की मौत के मामले में झारखंड हाइकोर्ट में गुरुवार को सूनवाई हुई. सुनवाई के दौरान हाइकोर्ट ने सीबीआई द्वार की जा रही जांच की प्रगति नाराजगी जताई है. हाईकोर्ट ने सीबीआई को जांच में तेजी लाने और केस की सभी पहलुओं पर गौर करने के लिए कहा है. गुरुवार को सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन और जस्टिस एसएन प्रसाद की अदालत में कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट पर भरोसा करते हुए मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया है, इसलिए कोर्ट इस मामले की हर पहलू की जांच कराएगा. सीबीआई को मामले की जांच प्रोफेशनल तरीके से करनी होगी. कोर्ट ने सीबीआई की प्रगति रिपोर्ट देखकर नाराजगी जताई और जांच से संबंधित सवाल पूछे. जांच अधिकारी सवाल का सटीक जवाब नहीं दे पाए. वहीं कोर्ट ने राज्य सरकार को जजों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने का भी निर्देश दिया है. मामले की अगली सुनवाई 20 अगस्त को होनी है. बता दे कि जज उत्तम आनंद की मौत 28 जुलाई को ऑटो के टक्कर से हो गई थी. वह मॉर्निंग वाक कर रहे थे, तभी ऑटो ने पीछे से टक्कर मार दी. इस मौत को संदेहास्पद मानते हुए धनबाद के प्रधान जिला जज ने हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को पत्र लिखा था. इस पत्र पर स्वत: संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने जनहित याचिका में तब्दील कर दिया था. उधर, सुप्रीम कोर्ट ने भी इस पर संज्ञान लिया और झारखंड हाईकोर्ट को इसकी मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया.




