
जमशेदपुर : कारोना काल में वर्चुअल तरीके से न्यायालय में सुनवाई की शुरुआत की गई थी. इस दौरान कोर्ट में पूरी तरह से अधिवक्ताओं का आना जाना बंद था. इधर झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार से जमशेदपुर न्यायालय में 50 प्रतिशत फिजिकल और 50 प्रतिशत वर्चुअल तरीके से सुनवाई की शुरुआत हो गई. इस दौरान जमशेदपुर कोर्ट में चहल-पहल दिखी. न्यायालय की रौनक एक बार फिर लौट आई. बार भवन में अधिवक्ता मौजूद रहे. अधिवक्ताओं में खुशी की लहर है. अधिवक्ता मिथलेश कुमार सिंह ने बताया कि कोर्ट में फिजिकल सुनवाई के आदेश के बाद सभी में खुशी की लहर है, अब जो भी पेंडिंग मामले हैं उन्हें निपटाया जा सकेगा. कोरोना काल के दौरान कोर्ट में गवाही नहीं हो रही थी. इसलिए कई मामले लंबित थे. बता दें कि कोरोना को लेकर हाई कोर्ट के आदेश के बाद सभी कोर्ट वर्चुअल तरीके से चल रहे थे, जिससे अधिवक्ताओं के समक्ष संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी.




