
जमशेदपुरः जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत कदमा बाजार में छेड़खानी का विरोध करने पर युवकों ने करण लोहार को मारपीट कर घायल कर दिया. घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए. इधर कारण ने घटना की जानकारी अपने साथियों को दी. थोड़ी देर बाद मौके पर उसके साथी पहुंचे और करण को लेकर कदमा थाना पहुंचे जहां से उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया. करण के सिर पर गंभीर चोट आई है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार करण की बहन को इलाके के कुछ लड़के छेड़ते थे. बहन ने मामले की जानकारी उसे दी थी. आज जब करण कदमा बाजार में था तो इन लड़कों को देखकर उन्हें समझाने गया था. इसी बीच दोनो के बीच बहस हो गई, जिसके बाद सभी ने मिलकर करण की पिटाई कर दी.




