
रांची : झारखंड के विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन विधानसभा के पास स्थित विधायक आवास स्थित सभागार में आयोजित झारखण्ड राज्य पूर्व विधायक परिषद वार्षिक आमसभा सह सम्मेलन में शामिल हुए. इस मौके पर कई सारे विधायक मौजूद थे. मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि पूर्व विधायकों का अनुभव और मार्गदर्शन राज्य के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा. पूर्व विधायकों की मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा. इस दौरान यह कहा कि जितनी भी मांगे है, उन मांगों को पूरा किया जायेगा. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)

खास तौर पर इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्था किया जायेगा. वर्तमान विधायक और पूर्व विधायकों को इलाज का समुचित इंतजाम हो सके और किस तरह सुविधाएं बढ़ायी जा सकती है, यह जरूर कोशिश होगी. उन्होंने बताया कि मंत्री जगरनाथ महतो का इलाज सरकार ने करवाया तो एक और विधायक का इलाज कराया गया. इस तरह इलाज का समुचित इंतजाम कराने के लिए सरकार तत्पर है. एक विधायक को आज नहीं तो कल फिर से पूर्व विधायक बनना ही होगा. ऐसे में जनता की सेवा में लगे इन सेवकों को भी बेहतर व्यवस्था मिलने का हक है क्योंकि विधायक जी प्राण लगाकर जनता की सेवा करते है. उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि सारे पूर्व विधायकों और विधायकों के लिए सुविधाएं दी जायेगी. इसके लिए जमीन भी तलाशी जा रही है ताकि उनको मकान की सुविधाएं मिल सके. पूर्व विधायकों के अलावा परिजनों को भी लाभ दिया जाये, इसकी भी कोशिशें की जायेगी. इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि विधायकों की सुविधाओं से ज्यादा उनका लाभ विधानसभा को किस तरह से मिले, इसके लिए भी कोशिश की जायेगी. जनहित में लगातार उन पूर्व विधायकों से सुझाव लिये जायेंगे ताकि बेहतर तरीके से सदन संचालित किया जा सके और संविधान की रक्षा भी हो सके.




