रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रविवार को झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में सम्मिलित हुए. इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट विधायक, विधानसभा के पूर्व सदस्यों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा कर्मियों तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया.इस वर्ष उत्कृष्ट विधायक के रूप में मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को सम्मानित किया गया. वहीं, विधानसभा के पूर्व सदस्यों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी सम्मानित किया गया. इस अवसर पर झारखंड विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’का विमोचन तथा ‘विधानमंडल का व्याकरण’पुस्तक का लोकार्पण किया गया.समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि आज हम सभी झारखंड विधानसभा की 26वीं वर्षगांठ मना रहे हैं. राज्य का यह सबसे बड़ा लोकतांत्रिक मंदिर है. लोकतंत्र के इस पवित्र मंदिर में सभी समान हैं. यह केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि इंसानियत, मानवता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है. इस मंदिर की ताकत और इसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था का लोहा पूरी दुनिया मानती है.मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में विभिन्न संवैधानिक पदों पर आसीन जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं समितियां हैं, जिनकी अपनी-अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं. सभी का उद्देश्य राज्य के विकास, जनकल्याण और जनमानस के हितों की रक्षा करना है. विधानसभा लोकतांत्रिक व्यवस्था का वह महत्वपूर्ण मंच है, जहां राज्य के भविष्य, नीतियों और आम नागरिकों के हित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होता है.(नीचे भी पढ़े)
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड ने कई क्षेत्रों में अपनी नीतियों और योजनाओं के माध्यम से देश के सामने एक अलग पहचान बनाई है. विशेषकर महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना देश के अन्य राज्यों में भी हो रही है. झारखंड की योजनाओं और कार्यप्रणाली से दूसरे राज्य भी प्रेरणा ले रहे हैं. यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और कार्यों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, यह हमारी प्राथमिकता है. हमें इस दिशा में और अधिक प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ना है, ताकि विकास की मुख्यधारा से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे. वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रखकर सरकार कर रही है कार्यमुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्ष 2050 तक हमारा झारखंड कैसा होगा, राज्य विकास के किन नए आयामों को प्राप्त करेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए हम कैसी व्यवस्था तैयार करेंगे, इन सभी विषयों को ध्यान में रखकर राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है. हमारा प्रयास है कि झारखंड को एक विकसित, समृद्ध और सशक्त राज्य के रूप में स्थापित किया जाए..(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण के पीछे हमारे पूर्वजों, आंदोलनकारियों और राज्यवासियों का लंबा संघर्ष एवं बलिदान रहा है. अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में जिन लोगों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया, उनके सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है. राज्य की आने वाली पीढ़ियों तक विकास का लाभ पहुंचे और उनके लिए बेहतर भविष्य का निर्माण हो, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है.मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड विधानसभा लोकतंत्र का वह पवित्र मंदिर है, जहां राज्य के जनसामान्य के हितों को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय लिए जाते हैं. हम सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति आम जनता का विश्वास और मजबूत हो.इस समारोह में झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति, झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सहित विधायकगण, पूर्व विधायकगण, विधानसभा के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे.












