
जमशेदपुर : कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य और जमशेदपुर के पूर्व सांसद डॉ अजय कुमार ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और झारखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर न्यूमोकोकल कंजुगेट वैक्सीन (PCV10 & 13) को नियमित नि:शुल्क टीकाकरण अभियान में शामिल करने का अनुरोध किया है. डॉ अजय कुमार ने पत्र में कहा है सभी कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण कठिन समय से गुजर रहे हैं और ऐसे समय में हमें अपने बच्चों की भी उचित देखभाल करनी होगी। कई मामलों में पांच साल व इससे छोटे बच्चों की मृत्यु का मुख्य कारण न्यूमोनिया और डायरिया होता है। जिसके लिए अब न्यूमोकोकल कंजुगेट वैक्सीन (PCV10 & 13) इन बीमारियों के कारण होने वाली बच्चों की मौत की रोकथाम पर अंकुश लगाएगा। (नीचे भी पढ़ें)
डॉ अजय कुमार ने कहा है कि यह टीका एक साथ अनेकों बीमारी से बचाता है और यह बच्चों के लिए वरदान है। PCV10 और PCV13 टीकों की मूल लागत क्रमशः 1600 और 3200 रुपये है, लेकिन जैसे ही वे निजी अस्पतालों से खरीदे जाते हैं, कीमत 3000 से 5000 रुपये तक हो जाती है। जिसका मतलब है कि ये टीके गरीब परिवारों या गांवों के परिवारों के लिए बहुत महंगे होंगे। इसलिए डॉ अजय ने अनुरोध किया है कि गरीब परिवारों के लिए भी इस टीके को वहनीय बनाया जाए या इसे COVID टीके जैसे मुफ्त नियमित टीकाकरण कार्यक्रमों में शामिल किया जा सकता है। यह कदम भारत को स्वस्थ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।












