जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में आयोजित दीपावली ट्रेड फेयर को आज नगरवासियों का शानदार रिस्पॉन्स मिला. शहरवासी एवं चैंबर के सदस्य सपरिवार मेले में पहुंचे और विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर दीपावली की खरीदारी की. इससे स्टॉल संचालकों में खासा उत्साह देखने को मिला. मेले में जमशेदपुर विमेंस क्लब की अध्यक्ष रीना वैदगिरि एवं पूर्व प्रोफेसर तथा पूर्व मिसेज झारखंड आरती निझावन ने शिरकत की. उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में चैंबर की पहल की सराहना की. चैंबर अध्यक्ष श्री मानव केडिया ने कहा कि ट्रेड फेयर का उद्देश्य महिला उद्यमियों एवं स्थानीय कारोबारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराना है. नगरवासियों की भागीदारी इस पहल की सफलता का प्रमाण है. (नीचे भी पढ़ें)

चैंबर उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने कहा कि महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देना और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना इस आयोजन की प्रमुख विशेषता है. ऐसे आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ स्थानीय व्यापार को भी नई ऊर्जा प्रदान करते हैं. चैंबर महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि नगरवासियों का उत्साहजनक प्रतिसाद चैंबर के प्रयासों को सार्थक बनाता है. उन्होंने कहा कि दीपावली ट्रेड फेयर खरीदारी के साथ-साथ महिला उद्यमियों को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का एक सशक्त मंच है. इस अवसर पर राजीव अग्रवाल, भारत मकानी, विनोद शर्मा, अंशुल रिंगसिया, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, समन्वयक सुमन नागेलिया, मनोज गोयल, पवन शर्मा सहित चैंबर के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे. सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने नगरवासियों से मेले में पहुंचकर महिला उद्यमियों एवं स्थानीय कारोबारियों को प्रोत्साहित करने की अपील की.












