
जमशेदपुर : मानगो नगर निगम अंतर्गत तुरियाबेड़ा, गजाडीह एवं बालिगुमा बागान एरिया के लोगों की सुरक्षा के लिए भाजपा नेता विकास सिंह ने आज दूसरे दिन भी भिक्षाटन का कार्यक्रम चलाया. पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत विकास सिंह मानगो, डिमना मुख्य सड़क के चेक पोस्ट के सुमन होटल के पास से भिक्षाटन कार्यक्रम आरंभ किया. अनेक लोगों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया. सुमन होटल से लेकर राजेंद्र नगर तक प्रत्येक दुकान और ठेले वालों से भाजपा नेता विकास सिंह एवं उनके साथियों ने तुरियाबेड़ा, गजाडीह और बालिगुमा बागान एरिया में बांस के खंबे हटाकर सीमेंट का पोल लगाने हेतु भिक्षाटन कर धन एकत्रित करने का प्रयास किया. प्रत्येक दुकानदार और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग दिया और इस प्रयास के लिए विकास सिंह को साधुवाद देते हुए पीठ थपथपाई. (नीचे भी पढ़ें)
विकास सिंह ने कहा कि छह माह से बिजली विभाग के सारे वरीय अधिकारी सहित जिले के उपायुक्त को मामले से अवगत कराया जा रहा है, पर किसी ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया. स्थिति यह हो गई है कि कब किसी की जान चली जाए इसकी गारंटी नहीं है. विकास सिंह ने बताया कि उपायुक्त के हस्तक्षेप के बाद भी काम नहीं होना, कहीं न कहीं विभाग की सीनाजोरी या फिर विभाग की आर्थिक कमजोरी को दर्शाता है. इसलिए विकास सिंह ने संकल्प लिया कि पूरे मानगो में भिक्षाटन का कार्यक्रम चलाया जाएगा और लोगों से निवेदन करके लोगों की जान बचाने के लिए सहयोग राशि ली जाएगी. एकत्रित राशि बिजली विभाग के जनरल मैनेजर को दी जाएगी और उन से निवेदन किया जाएगा कि आप बांस के खंभे को हटाकर सीमेंट का पोल लगवा दें ताकि लोग चैन की नींद ले सकें. (नीचे भी पढ़ें)
विकास सिंह ने बताया की अगर भीख में मिले रुपए कम पड़ेंगे तो दूसरे चरण में शहर के पूंजीपतियों और उद्योगपतियों के घर जाकर जानलेवा तस्वीर दिखा कर निवेदन कर राशि मांगी जाएगी. विकास सिंह ने कहा कि अभियान तब तक चलेगा जब तक बांस के खंभे को बदलकर सीमेंट का पोल नहीं लगा दिया जाता है. आज के भिक्षाटन के कार्यक्रम में प्रो यूपी सिंह, राजेश साहू, डॉ अनिल कुमार सिंह, छोटेलाल सिंह, बवाली तिवारी, संजय सिंह गुड्डू, जीतू गुप्ता, अजय लोहार, संदीप शर्मा, सुशीला शर्मा, अनूप पाठक, संजीव सिंह ,मनोज ओझा, राकेश दुबे, उमाशंकर मंडल, लव कुमार निराला, प्यारेलाल साहु, राहुल कुमार, गोविन्द राव,राकेश मंडल, शिव साहू ,राजगुरु शर्मा ,प्रभात सिंह चौहान, अक्षय पांडे, निशांत बाजपेई ,मनीष सिंह राम सिंह कुशवाहा, हेमंत सिंह, पंकज सुमन शर्मा सुशील शर्मा , संजू देवी, मनोज राय, एस के सिंह मुख्य रूप से शामिल थे.





