
जमशेदपुर : सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय रांची की ओर से शुक्रवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित यूनाइटेड क्लब सभागार में क्रेडिट आउटरिच कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें मुख्य अतिथि के रूप में बैंक के कार्यपालक निदेशक आलोक श्रीवास्तव उपस्थित थे. पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में बैंक नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रहा है, वहीं देश भर में कृषि, एमएसएमई व रीटेल के क्षेत्र पर भी विशेष जोर है. उन्होंने बताया कि कोरोना काल की वजह से पूरे देश में जो ठहराव आ गया था, उसके मद्देनजर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के निर्देश पर तथा राष्ट्र के अमृत महोत्सव के तहत पूरे देश में बैंकों के माध्यम से यह आउटरिच कार्यक्रम चलाया जा रहा है. आज यहां आयोजित कार्यक्रम में 125 लोगों के बीच करीब 34 करोड़ रुपये ऋण का वितरण किया गया. वहीं देश भर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के द्वारा करीब 10 करोड़ रुपये ऋण की स्वीकृति दी गयी है. श्री श्रीवास्तव ने बताया कि बैंक का नेट एनपीए 4.7 प्रतिशत है, जो मापदंड से काफी नीचे है. उन्होंने बताया कि बैंक की ओर से कई ऐसे ऋण प्रदान किये जाते हैं, जिनमें महिला का नाम पहले होने पर ब्याज दर कम यानी 6.7 प्रतिशत ही होता है. (नीचे भी पढ़ें)

इससे पूर्व श्री श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. स्वागत भाषण करते हुए वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक अजय कुमार सिंह ने इस कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इस आयोजन से जरूरतमंद लोगों को ऋण सुविधा का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया को आसान बनाने के साथ ही ऋण वितरण का टर्न एराउंड टाइम (टीएटी) को भी कम करना है. इससे कम से कम समय में हितधारकों को ऋण प्रदान किया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि पूरे देश में बैंक की 4594 शाखाओं का नेटवर्क 5 करोड़ से अधिक भारतीय खाताधारकों का बड़ा ग्राहक आधार है. झारखंड में सरकार की तमाम विकास योजना एवं सामाजिक सुरक्षा संबंधी योजनाओं के कार्यान्वयन में बैंक ने सराहनीय कार्य किया है. कार्यक्रम के दौरान पूरे कोल्हान से आये विभिन्न महिला समूहों, प्रतिष्ठानों, एक्सएलआरआई के विद्यार्थियों आदि के बीच ऋण वितरण किया गया. धन्यवाद ज्ञापन जमशेदपुर शाखा की मुख्य प्रबंधक अंशु झा ने किया. कार्यक्रम में बैंक के सभी वरिष्ठ अधिकारी, ग्राहक व गणमान्य लोग उपस्थित थे.













