जमशेदपुर : भारतीय रिज़र्व बैंक, रांची के लोकपाल कार्यालय द्वारा जमशेदपुर में डिजिटल भुगतान जागरूकता एवं बैंकिंग शिकायत निवारण विषय पर एक टाउन हॉल मीटिंग का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल भुगतान, बैंकिंग सेवाओं तथा आरबीआई लोकपाल योजना के बारे में जागरूक करना था. इस अवसर पर मुख्य रूप से आरबीआई ओम्बुड्समैन मनोज रंजन, उप ओम्बुड्समैन आनंद नंदन प्रसाद, आंचलिक प्रबंधक बैंक ऑफ इंडिया पंकज कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय प्रबंधक बैंक ऑफ बड़ौदा अमित कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक केनरा बैंक मंगेश स्वामीनाथन, क्षेत्रीय प्रबंधक झारखंड ग्रामीण बैंक श्रीकांत कटारे तथा लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर संजीव कुमार चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही. कार्यक्रम में सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के सदस्यों, विभिन्न बैंकों के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. (नीचे भी पढ़ें)

टाउन हॉल मीटिंग के दौरान डिजिटल भुगतान एवं लेन-देन की सुरक्षित प्रक्रिया के संबंध में ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई. प्रतिभागियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए क्विज़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इसके साथ ही आरबीआई लोकपाल योजना एवं बैंकिंग शिकायत निवारण प्रणाली के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई तथा आम नागरिकों को बताया गया कि बैंकिंग सेवाओं से संबंधित शिकायतों का समाधान किस प्रकार प्राप्त किया जा सकता है. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन के साथ टाउन हॉल मीटिंग का समापन किया गया.







