
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा में शराब बेचने का विरोध करना एक परिवार को महंगा पड़ गया. विरोध करने वाले परिवार को कुल्हाड़ी और धारदार हथियार से मारकर घायल कर दिया. इतना ही नहीं, पीड़ित परिवार जब इसकी शिकायत लेकर बागबेड़ा थाना पहुंचा तो बागबेड़ा थाना के मुंशी ने भी सभी को थाने से भगा दिया और थाना प्रभारी से मिलने नहीं दिया. इसकी शिकायत लेकर पीड़ित परिवार सिटी एसपी से मिलने पहुंचा. इस घटना में 31 वर्षीय रिंकी और उसकी 15 वर्षीय बेटी रुकमणी कुमारी को चोटें आई है. सभी का इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया गया है. घटना से संबंध में रिंकी ने बताया कि उसके पड़ोसी शराब बेचते है जिससे उनके घर के पास शराबियों का अड्डा रहता है, सभी गाली गलौज करते है. आज जब सभी छपरा से वापस घर पहुंचे तो पड़ोसी सोनू मिश्रा, उसका बेटा बादल, सोनू, आकाश, ज्योति मिश्रा और अन्य लोग घर में घुस गए और उनके साथ मारपीट की. उन्होने बेटी के चेहरे को भी नोच डाला और उसके कपड़े भी फाड़ दिए. इसकी शिकायत लेकर जब वे लोग बागबेड़ा थाना गए तो वहां मुंशी ने उन्हे थाना प्रभारी से मिलने नहीं दिया और थाने से भी भाग जाने को कहा. इधर वे लोग सिटी एसपी से न्याय की गुहार लगाने पहुंचे.















