
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत नीतीबाग कॉलोनी में 30 अप्रैल 2020 को अखिलेश सिंह गिरोह और सुधीर दुबे गिरोह के बीच गैंगवार हुआ था. घटना के बाद से ही पुलिस सुधीर दुबे की तलाश में जुट गई थी. अंत में पुलिस ने उसे पंजाब के संगरुर से गिरफ्तार कर जेल भेजा था. इधर पांच माह जेल में रहने के बाद वह गुरुवार देर शाम जमानत पर जेल से बाहर आ गया है. इसमें सबसे बड़ी बात यह रही कि जिला पुलिस को सुधीर दुबे के जेल से बाहर आने की भनक तक नहीं लगी. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार जेल से बाहर आने के बाद वह सीधे अपने गांव बक्सर चला गया है. सुधीर दुबे के जेल से बाहर आने के बाद अब शहर में एक बार फिर गैंगवार की स्थिती पैदा हो गई है. सुधीर दुबे पर उलीडीह, सीतारामडेरा और टेल्को थाना में मामला दर्ज था, इसके अलावा उसे सभी मामलों में जमानत मिल चुकी थी. उलीडीह में प्रेस लिखे एक कार से पुलिस ने हथियार के साथ एक युवक को पकड़ा गया था. इस मामले में सुधीर दुबे का नाम आया था. जिला न्यायालय से उसे जमानत मिल गई, जबकि सीतारामडेरा गैंगवार और टेल्को में रंगदारी मांगने के मामले में सुधीर दुबे को उच्च न्यायलय से जमानत मिली. नीतीबाग कॉलोनी की घटना 30 अप्रैल 2020 की है. अखिलेश सिंह गिरोह का हरीश सिंह और सुधीर दुबे गैंग के कल्लू राय के बीच गैंगवार की घटना हुई थी. मामले में कन्हैया सिंह की शिकायत पर सुधीर दुबे, कल्लू राय समेत अन्य के खिलाफ जान मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने की प्राथमिकी सीतारामडेरा थाना में दर्ज की गई थी. वहीं दूसरी ओर कल्लू राय की शिकायत पर कन्हैया सिंह, हरीश सिंह समेत अन्य प्राथमिकी दर्ज की गई थी.




