
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत ब्रांच रामटेकरी रोड में कामसा स्टील के कार्यालय में घुसकर लूट की घटना को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी अभिषेक कुमार खर्दरा, राकेश बहादुर और प्रीतपाल सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस ने राकेश के पास से 48,300 और अभिषेक के पास से 29,500 रुपये भी बरामद कर लिए है. प्रीतपाल सिंह राकेश बहादुर का जीजा है. जानकारी देते हुए सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने बताया कि अभिषेक पूर्व में उक्त कार्यालय में दो माह काम कर चुका था. बाद में उसने भी स्क्रैप का व्यवसाय करने की सोची. इस दौरान वह कर्ज में डूबता चला गया और देनदारों से बचने के लिए वह साकची में छुपकर रह रहा था. इसी बीच उसकी पहचान राकेश से हुई. उसने राकेश को लूट की जगह बताई. हालांकि राकेश आपराधिक प्रवृत्ति का है जिस कारण पुलिस की नजर उसपर हमेशा रहती है इसलिए उसने इस काम के लिए किसी ऐसे व्यक्ति की तलाश थी जिसका नाम पुलिस रिकॉर्ड में नहीं था. अंत में उसने दो व्यक्ति की तलाश कर ली जो घटना को अंजाम दे सके. घटना के पहले दिन दोनों ने रेकी भी की. वहीं घटना के दिन सभी फोन पर एक साथ संपर्क साधे हुए थे. अभिषेक और राकेश सभी की मॉनिटरिंग कर रहे थे. लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए. इधर दूसरे दिन अखबारों में लूट की राशि 9.83 लाख रुपये बताई गई पर उनके पास कम रुपये थे. बंटवारे को लेकर सभी के बीच हाथापाई भी हुई. बंटवारे में राकेश को कुल 1.10 लाख रुपये मिले. इन रुपये से उसने दूसरे दिन ही अपने जीजा प्रीतपाल के नाम से एक स्कूटी खरीदी. स्कूटी को पुलिस ने बरामद कर लिया है. उन्होने बताया कि जिन अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है वे अभी भी पुलिस की पहुंच से बाहर है. उनकी गिरफ्तारी के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई कर पाएगी. वहीं पुलिस को अभी तक घटना में प्रयुक्त हथियार भी नहीं मिले है.















