
जमशेदपुर : कोविड-19 की तीसरी लहर को देखते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम ने कमर कस ली है. इस सम्बन्ध में रेड क्रॉस भवन में रेड क्रॉस का कोरोना रिलीफ कन्ट्रोल रूम पूर्व की तरह सुचारु रूप से कार्य करना शुरु कर दिया है. इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक स्तर पर लोगों की जरूरत को वर्तमान परिदृश्य में समझते हुए यह कन्ट्रोल रूम कार्य करेगा, जिसमें पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की मदद भी ली जायेगी. कन्ट्रोल रूम का प्रभार रेड क्रॉस कार्यकर्ता प्रमोद कुमार तथा राधेश्याम कुमार को दिया गया है. रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह की देखरेख में कन्ट्रोल रूम के कार्य होंगे. रेड क्रॉस के सदस्य जो कन्ट्रोल रूम में अपनी सेवा देना चाहते हैं, वे रेड क्रॉस कार्यालय में अपना नाम दे सकते हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जिस क्षेत्र में भी रहे वहां लोगों को कोविड-19 अनुरूप व्यवहार के लिए जागरुक करें.












