
जमशेदपुर : कोविड-19 के तीसरे लहर व शहर में प्रतिदिन बढ़ते कोविड मरीजों की संख्या को देखते हुए स्वर्गीय केके सिंह की पुण्य स्मृति में 8 जनवरी से 11 जनवरी 2022 तक आयोजित होने वाले नेत्र ज्योति महायज्ञ-2022 को स्थगित कर दिया गया है. झारखंड सरकार द्वारा जारी एवं जिला के उपायुक्त के मार्गदर्शन में कोविड-19 प्रोटोकोल के अनुसार भीड़भाड़ तथा उससे उत्पन्न होने वाली स्थितियों को ध्यान में रखते हुए नेत्र ज्योति महायज्ञ-2022 को स्थगित किया गया है, स्थिति सामान्य होने पर नेत्र ज्योति महायज्ञ-2022 का आयोजन किया जायेगा तथा नेत्र रोगियों का ऑपरेशन किया जायेगा. जिन मरीजों का पूर्व में रजिस्ट्रेशन हो चुका है उनकी जांच करते हुए उनका शिविर की तिथियों के अनुसार ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण नियमित शिविरो में किया जायेगा. रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह तथा नेत्र ज्योति महायज्ञ के संयोजक विकास सिंह ने समाजसेवियों से आग्रह किया कि वे नेत्र शिविर के सम्बन्धित समाचार की जानकारी नेत्र रोगियों को प्रदान करते रहें ताकि नेत्र शिविर के तिथियों पर जानकारी हो और नेत्र रोगी अपना इलाज करवा सकें. श्री सिंह ने सभी से कोविड-19 अनुरुप व्यवहार का पालन करने का आग्रह किया है तथा कहा है कि रेड क्रॉस के अन्य मानवसेवी गतिविधियों को कोविड-19 प्रोटोकोल का पालन करते हुए चलाया जायेगा. 8 जनवरी 2022 का रक्तदान शिविर का आयोजन कोविड-19 सुरक्षा के साथ आयोजित होगा.












