
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना अंतर्गत झिलुरवा में पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर जानलेवा हमले की तैयारी पूर्व से ही चल रही थी. इसकी सूचना झारखंड पुलिस की खुफिया विभाग को थी. 30 दिसंबर को ही विभाग की ओर से पश्चिमी सिंहभूम के एसपी को अलर्ट जारी कर दिया गया था कि इलाके में नक्सली गतिविधी जारी है. विभाग की ओर से जानकीर दी गई कि एक करोड़ के इनामी माओवादियों के पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर उर्फ सुनिर्मल उर्फ सागर, सेंट्रल कमेटी सदस्य अनल उर्फ पतिराम मांझी, 25 लाख का इनामी स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य अनमोल उर्फ लालचंद हेम्ब्रम, 15 लाख का इनामी मोछू उर्फ मेहनत उर्फ विभीषण, कुख्यात सुरेश मुर्मू, चंदन, सागेन अंगरिया, सुशांत, अश्विन आदि इलाके में घूम रहे है. वे कभी भी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं. खुफिया विभाग की सूचना के बाद भी एसपी ने गंभीरता नहीं दिखाई और चार जनवरी को गोईलकेरा में पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर जानलेवा हमला हो गया. जिसमें उनके दो अंगरक्षक शहीद हो गए. खुफिया विभाग द्वारा यह भी बताया गया कि माओवादियों के पोलित ब्यूरो सदस्य एक करोड़ के इनामी प्रशांत बोस उर्फ किशन, उसकी पत्नी व चार अन्य नक्सलियों की गिरफ्तारी के बाद से ही नक्सली बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में है. इस सूचना के बाद थानेदार ने फोन पर पूर्व विधायक को जाने से मना भी किया था. बावजूद इसके पूर्व विधायक खेल में शामिल होने गए थे.













