
जमशेदपुर : बढ़ते कोरोना के मामले को लेकर राज्य सरकार की ओर से पूरे राज्य में आंशिक लॉकडाउन लगाया गया था. शहर के बाजारों में भीड़ कम करने के लिए एडीएम लॉ एंड ऑर्डर एनके लाल और जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी कृष्णा कुमार द्वारा साकची बाजार में जाकर वहां के फुटपाथी दुकानदारों को आमबागान में शिफ्ट होने की आदेश दिया गया था. गुरुवार को जेएनएसी के सिटी मैनेजर रवि भारती साकची बाजार में औचक निरीक्षण करने पहुंचे. उन्होंने पाया कि कुछ फुटपाथी दुकानदार अब भी बाजार में ही अपनी दुकान लगा रहे हैं. उन्होंने तत्काल सामानों को जब्त किया और साकची थाने भेजवा दिया. इसके अलावा बाजार में खड़े वाहनों की हवा भी निकाल दी. सिटी मैनेजर रवि भारती ने कहा कि पूर्व में ही सभी को चेतावनी दे दी गई थी. बाजार में फुटपाथी दुकानदारों के कारण ही भीड़ होती है. अब सभी से जुर्माना लेकर ही छोड़ा जाएगा.












