
जमशेदपुर : पंजाब के फिरोजपुर में प्रधानमंत्री का काफिला रोके जाने को लेकर शहर में भाजपाइयों द्वारा मशाल जुलूस निकाला गया. साथ ही कांग्रेस पार्टी हाय-हाय के नारे भी लगाए गए. इसी मामले में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने भी बयान जारी कर कहा है कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, निश्चित तौर पर अगर उनकी सुरक्षा में अगर सेंधमारी होती है तो वह देश की सुरक्षा में सेंधमारी है. लेकिन अगर सुरक्षा में चूक हुई है तो वह कैसे और क्यों हुई है इसकी भी जांच होनी चाहिए. उनके विचार से घटना का राजनीतिकरण किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें व वीडियो देखें)
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दौरा अक्सर हवाई मार्ग के द्वारा होता है पर इस दौरे में अंत में उन्हें सड़क मार्ग से ले जाया गया. प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लगाई गई एजेंसी की कमान गृह मंत्रालय के अंतर्गत आती है तो इस मामले में गृह मंत्रालय की भी जवाबदेही होनी चाहिए. अखिरी वक्त में किसने सड़क मार्ग से ले जाने की इजाजत दी, वह भी 110-115 किलोमीटर. उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई अधिकारियों को निलंबित किया है. वहीं भाजपा द्वारा जो मशाल रैली निकाली गई, उसमें कोरोना के नियमों की धज्जियां उड़ाई गई. रैली से सड़कें जाम हो गईं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई.














