
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. जहां पुलिस ने घोर नक्सल प्रभावित गुदड़ी थाना क्षेत्र के जंगल से तीन पीएलएफआई नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्त में आए नक्सलियों का नाम रमाय भैसा, दामू बरजो और मंगरा टुटी उर्फ मतियस टुटी बताया जा रहा है. सुरक्षाबलों ने इनके पास से 12 बोर का एक दोनाली रायफल, 06 जिन्दा गोली, 7.2 एमएम का 01 जिन्दा कारतूस तथा लेवी से संबंधित पर्चा एवं चंदा रसीद बरामद किया है. मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुदडी थाना क्षेत्र के चिरकेल गुंडीदिरी, जराकेल के आसपास के जंगल पहाड़ी क्षेत्र में पीएलएफआई नक्सली संगठन दिनेश गोप दस्ते के तीन सदस्यों के भ्रमणशील होने की सूचना मिली थी. इस सूचना पर सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा सशस्त्र बलों के साथ बिरकेल के जंगली पहाड़ी क्षेत्र में अभियान चलाया गया. इस दौरान जंगल में तीन व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पाये गये. तीनों संदिग्धों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम रमाय भैसा, दामू बरजो और मंगरा टुटी उर्फ मतियस टुटी थाना बताया. तीनों संदिग्ध व्यक्तियों की बारी-बारी से तलाशी लेने पर उनके पास से एक 12 बोर का दोनाली रायफल, 06 जिन्दा गोली, 7.2 एमएम का 01 जिन्दा कारतूस तथा लेवी से संबंधित पर्चा एवं चंदा रसीद बरामद हुआ. उसके बाद तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया तथा सुसंगत धाराओं के तहत उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया.













