
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के बोरागाड़िया पंचायत के नागुड़साई पानिपड़ा गांव में गुरुवार को श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभु के नवनिर्मित जगन्नाथ मंदिर प्राण प्रतिष्ठा सह तीन दिवसीय महायज्ञ अनुष्ठान के द्वितीय दिन गुरुवार को पूरी से आये पंडित नरसिंह पंडा, निरंजन दीक्षित, दीप्ति रंजन, लक्ष्मी नारायण पांडे, विश्वनाथ कर, अनंत नारायण दास ने मंत्रोच्चारण कर 33 कोटि देवी-देवताओं का आह्वान, संस्कार, आरती और सूर्य पूजा, गौ पूजा कर पूजा पाठ एवं हवन शुरू किया. दोपहर में महाप्रभु जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा समेत कई देव-देवतायों के नव निर्मित मूर्तियां समेत नव निर्मित मंदिर के हल्दी पानी, दूध, दही, घी, गुड़ एवं डाब पानी से स्नान कराकर हवन मंडप में विश्राम कराया गया. महाप्रभु के स्नान के समय सैकड़ों की संख्या में भक्त उपस्थित थे. शुक्रवार को महाप्रभु जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के नव निर्मित मूर्तियों को रथ पर बैठाकर पूरे गांव में नगर भ्रमण कराया जाएगा नगर भ्रमण के पश्चात मूर्तियों के सिंहासन में विराजमान कर प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

महायज्ञ अनुष्ठान में आनंद बाजार भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया. तीन दिवसीय महायज्ञ अनुष्ठान को लेकर गांव में उत्सव और भक्ति का माहौल बना हुआ है. उक्त नवनिर्मित मंदिर कई गांव का आस्था का केंद्र है. शाम को भक्ति संगीत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. कमेटी के सभी सदस्य अपने अपने दायित्वों का सुचारू रूप से निर्वाह कर रहे हैं और उक्त महायज्ञ अनुष्ठान को सफल बनाने को लेकर पूरे नागुडसाई पानिपड़ा गांव के ग्रामवासी जुटे हुए हैं. नव निर्मित जगन्नाथ मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ दिनेशा षाड़ंगी और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी शामिल हुए.





