
चाकुलिया : चाकुलिया में अवैध बालू की ढुलाई प्रशासन के नाक के नीचे से रोजाना बालू माफिया कर रहे हैं. प्रखंड क्षेत्र के चंदनपुर स्वर्णरेखा नदी घाट और बहरागोड़ा के स्वर्णरेखा नदी घाट से बालू माफिया रोजाना दिन के उजाले में मुख्य सड़क से ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से बालू की ढुलाई करते हैं परंतु अब तक प्रशासन की नजर नहीं पड़ी है. प्रशासन के नाक के नीचे से बालू माफिया दिनरात बालू की ढुलाई कर रहे हैं इससे सरकार को भी भारी राजस्व का नुकसान हो रहा है. शुक्रवार को एक ट्रैक्टर बालू लेकर चाकुलिया रेलवे फाटक पार कर रहा था तभी ट्रॉली और इंजन के बीच लगे हिंच टूट गया आनन-फानन में ट्रैक्टर चालक ट्रॉली को रेलवे ट्रैक पर छोड़कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया है. रेलवे फाटक पर निर्मित थर्ड लाइन रेलवे ट्रैक पर बालू लदा ट्रॉली होने के कारण फाटक पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है और ट्रेन भी धीमी गति से गुजर रही है. ट्रैक पर बालू लदा ट्रॉली होने की सूचना पाकर चाकुलिया जीआरपी पुलिस वहां पहुंचकर ट्रॉली को ट्रैक से हटाने और ट्रैक्टर मालिक कौन है इसकी जांच में जुटी हुई है. समाचार लिखे जाने तक ट्रैक्टर मालिक की पहचान नहीं हो पाया है और बालू से लदा ट्रॉली भी रेलवे फाटक के बीच थर्ड लाइन पर ही खड़ी है.




