
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत उलियान स्थित रिलायंस फ्रेश के पास स्कूटी की सीट फाड़ने पर कुत्ते को रॉड से मारकर घायल करने और आंख फोड़ने पर कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. इस मामले में आकाश डे के बयान पर किशोर रजक, अभिषेक रजक, भरत रजक, शत्रुघ्न रजक और सुदेश रजक को आरोपी बनाया गया है. बता दे कि 2 जनवरी को एक कुत्ते ने घर के बाहर रखी स्कूटी को नोच दिया था. इससे गुस्साए आरोपियों ने कुत्ते को रॉड से मारकर घायल भी कर दिया. कुत्ते को इतना पीटा गया की उसकी आंख को भी फोड़ दिया गया. जब कुछ पशु प्रेमियों ने आरोपियों से इसका कारण पूछा तो आरोपी उनसे भी उलझ गए. इसकी शिकायत मेनका गांधी से भी की गई है. फिलहाल कुत्ते की स्थिति ठीक बताई जा रही है.




