
चाईबासा : सिंहभूम सांसद गीता कोड़ा ने कल संसद में बेरोजगारी पर अपनी आवाज बुलंद किया है। उन्होंने कहा है कि सरकार ने बजट सत्र में इस वर्ष 60 लाख नौकरियां देने की घोषणा की है। सरकार इसकी शुरुआत झारखण्ड प्रदेश के सिंहभूम संसदीय क्षेत्र से करे। उन्होंने सदन में लोकसभा अध्यक्ष के माध्यम से सरकार से मांग करते हुए कहा कि पूर्व में सिंहभूम क्षेत्र में कई आयरन ओर माइंस संचालित थे लेकिन बाद में सभी बंद हो गए। इसमें से मात्र तीन-चार आयरन ओर माइंस ही चल रहे हैं, जिसमें सेल कम्पनी के चार कम्पनी गुवा लोह अयस्क़ ख़ान, किरीबुरू लोह अयस्क खान, मेघाहातुबुरु लोह अयस्क़ ख़ान और मनोहरपुर चिरिया लोह अयस्क़ ख़ान शामिल हैं। (नीचे भी पढ़ें व वीडियो देखें)
संसद में सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि उक्त सभी माइंस में 4000 से अधिक स्वीकृत पद रिक्त हैं, जबकि स्थायी प्रकृति के पदों पर कार्य करने वाले कर्मियों की संख्या महज 1202 है, बाकी सभी पदों पर कर्मचारी संविदा और ठेका मजदूरी के आधार पर ही कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सरकार इस कम्पनी में रिक्त पदों नियुक्ति निकालकर नौकरियां देने का कार्य आरंभ करे तथा यहां के रिक्त पदों पर स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर नियुक्ति प्रदान करें, ताकि इस क्षेत्र के लोग विशेषकर शिक्षित युवा वर्ग बेरोजगारी की वजह से पलायन करने को विवश नहीं हों।




