
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की बरडीकानपुर- कालापाथर पंचायत के मधुपुर गांव से सटे साल जंगल से इन दिनों ग्रामीणों द्वारा साल पेड़ की कटाई की जा रही थी। साल पेड़ की सुरक्षा के लिए मधुपुर वन सुरक्षा समिति के सदस्यों ने जंगल में जगह-जगह पर हस्त लिखित तख्तियां लगाकर पेड़ की कटाई पर प्रतिबंध लगाया है। समिति के सदस्य चंडी मुंडा ने बताया कि जंगल में समिति के सदस्यों द्वारा हस्त लिखित तख्तियां लगाकर साल पेड़ कटाई पर प्रतिबंध लगाया गया है। कहा कि जंगल से पेड़ काटते पकड़े जाने पर समिति द्वारा दंड के रूप में जुर्माना वसूल किया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी। समिति के सदस्य टीम बनाकर गांव की जंगल की सुरक्षा करने के लिए पहरेदारी करेंगे। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा कई बार पंचायत के विभिन्न गांवों में जाकर ग्रामीणों के साथ बैठक कर हमारे जीवन में पेड़ की क्या महत्व है इसकी जानकारी देकर पेड़ की सुरक्षा करने के प्रति जागरूक किया गया है। कुछ दिनों तक जंगल में पेड़ की कटाई बंद हुई थी जिससे जंगल हरा भरा हो गया था, लेकिन फिर से जंगल में साल पेड़ की कटाई शुरू हो गयी थी जिसे रोकने के लिए समिति द्वारा यह पहल किया गया है। मौके पर शत्रुघ्न मुंडा, अनूप मुंडा, समिख्य मुंडा, आरती मुंडा समेत अन्य उपस्थित थे।





