
जमशेदपुर : अयोध्याम में बन रहे भव्य एवं दिव्य श्रीराम मंदिर की तर्ज पर शहर में बने श्रीराम मंदिर के दूसरे वर्षगांठ पर सूर्य मंदिर कमेटी द्वारा भव्य शोभा यात्रा एवं संगीतमय श्रीराम कथा के निमित्त व्यापक तैयारियां की गई है. 23 से 28 फ़रवरी तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से समारोह को भव्य बनाने की तैयारी की गई है. इस आशय की जानकारी सूर्यधाम मंदिर कमिटी की ओर से मंगलवार शाम आयोजित पत्रकार वार्ता में दी गई. कमिटी के अध्यक्ष संजीव सिंह ने बताया कि 24 से 28 फ़रवरी तक सूर्य मंदिर परिसर में संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन होगा. आयोजन में आमजनमानस के सहयोग व भागीदारी हेतु कमेटी शहर के एक लाख घरों में आमंत्रण पत्र लेकर पहुंची है, वहीं आमजनों से 10 रुपये का सहयोग राम-काज हेतु प्राप्त किया गया है. प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से देवभूमि हरिद्वार से पधार रहे व्यास परम् पूज्य साध्वी डॉ विश्वेश्वरी देवी जी कथा वाचन करेंगे. धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ भव्य शोभा यात्रा सह नगर भ्रमण के साथ होगा. शोभा यात्रा भालूबासा शीतला मंदिर से प्रारंभ होकर, तारापोर स्कूल के रास्ते, एग्रिको सिग्नल एवं सिदगोड़ा बाजार के मुख्य सड़क होते हुए सूर्य मंदिर पहुंचेगी. शोभा यात्रा में फूलों से सुसज्जित रथ पर श्री रामायण, मनोरम झांकी, डीजे संगीत, बैंड-बाजा, श्रीराम दरबार, पुष्पवर्षा एवं शानदार आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शोभा यात्रा में समाज के सभी वर्गों के पारंपरिक वेश-भूषा एवं कल्चर की झलक देखने को मिलेगी. संजीव सिंह ने बताया कि श्रीराम कथा के लिए पक्के पंडाल का निर्माण किया गया है, जिसमें बेहतर साउंड सिस्टम के साथ एलईडी स्क्रीन की भी व्यवस्था की गई है. 28 फरवरी को श्रीराम कथा के विराम के पश्चात सूर्य मंदिर परिसर में महाप्रसाद का आयोजन होगा. उन्होंने बताया कि आयोजन को लेकर सूर्य मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है. वही, मुख्य सड़क एवं गोलचक्कर पर केसरिया ध्वज लगाया गया है. राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर कमेटी के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने मंदिर परिसर में बन रहे कथास्थल का जायजा लिया. इस दौरान मंदिर कमेटी के सदस्यों से उन्होंने तैयारियों की जानकारी ली. मंगलवार को उन्होंने शहर के कई बाजार में जनसहयोग से किये जा रहे आयोजन में कार्यकर्ताओं के संग समर्पण निधि अभियान में शामिल हुए और आयोजन में सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया.





