
रांची: यूक्रेन में पिछले कई दिनों से गतिरोध बना हुआ है. रूस की सेना के साथ यूक्रेन की टकराहट जारी है. ऐसे में वहां से लोग सुरक्षित निकलने का रास्ता लगातार तलाश रहे हैं. कई भारतीय भी वहां फंसे हुए हैं जिन्हें वापस लाने को भारत सरकार अपने स्तर से प्रयास कर रही है. इनमें अधिकांश स्टूडेंट्स हैं. झारखंड के भी कई छात्र वहां अपने वतन वापसी की कोशिश में लगे हैं. (नीचे भी पढ़े)
सीएम हेमंत सोरेन ने इस दिशा में एक कदम आगे बढ़ते हुए कहा है कि लगातार बने नए गतिरोध के बीच अपने निजी खर्च से झारखण्ड वापस आने वाले राज्यवासियों के टिकट की राशि झारखण्ड सरकार वापस करेगी. ट्वीटर पर जानकारी देते हुए सीएम ने कहा है कि राज्य सरकार, केंद्र सरकार के साथ मिलकर सभी राज्यवासियों को हर संभव मदद पहुंचाने का काम कर रही है.(नीचे भी पढ़े)
गौरतलब है कि यूक्रेन में फंसे झारखंडियों के लिये राज्य सरकार ने 25 फरवरी को कई हेल्पलाइन नंबर भी जारी किये. यूक्रेन में पढ़ने या रोजगार के लिए गए झारखंडवासियों अथवा उनके परिवारजनों से अपील करते हुए कहा गया है कि वे कृपया झारखण्ड कंट्रोल रूम के फोन नंबरों पर संपर्क कर जानकारी दें. राज्य सरकार द्वारा भारत सरकार के साथ मिलकर सभी को हरसंभव मदद प्रदान की जाएगी.




