जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में केवल स्टील ही नहीं बनता, बल्कि यहां बड़े बड़े कलाकार भी बनते हैं. लौहनगरी से दर्जनों कलाकारों ने बॉलीवुड, हॉलीवुड, राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय खिताब जीतकर शहर का नाम ऊंचा किया है. ऐसा ही एक नाम प्रिया भट्टाचार्यजी है, जिसने शहर गौरवांवित किया है. जमशेदपुर की परसुडीह निवासी प्रिया शहर में हेलेन के नाम से मशहूर है. पिछले दिनों प्रिया को भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में भारत भूषण अवार्ड 2022 से सम्मानित किया गया. यह पुरस्कार कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि इंडियन आर्मी के मेजर तेजपाल सिंह रावत, बॉलीवुड एक्टर व सिंगर अरुण बक्शी और नेशनल मिनिस्ट्री ऑफ जस्टिस एंड एम्पावर्मेंट के सीईओ प्रतिभा चौरसिया ने संयुक्त रूप से प्रदान किया. साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना की. बातचीत में प्रिया ने बताया कि भारत भूषण आवार्ड 2022 के लिए देश भर से विभिन्न क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले प्रतिभागी शामिल हुए थे. झारखंड से केवल उनका ही चयन किया गया था. डांस और योगा एजुकेशन के क्षेत्र में अच्छा काम करने के लिए उनका चयन किया गया था. यह आवर्ड देश भर में हर क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रदान किया जाता है. (नीचे भी पढ़ें)

दर्जनों पुरस्कार कर चुकी हैं अपने नाम
बचपन से बॉलीवुड डांस क्वीन हेलेन को अपना आदर्श मानने वाली प्रिया डांस में दर्जनों आवार्ड अपने नाम कर चुकी है. इससे पहले हाल ही में पिछले 9 अक्टूबर को इंदौर में डांस आर्टिस्ट और योगा एडुकेटर के लिए नेलशन मंडेला ग्लोबल ब्रिलियंस अवार्ड दिया गया. इस अवार्ड के बाद ही उनका भारत भूषण आवार्ड के लिए चयन किया गया. इससे पहले प्रिया भट्टाचार्य स्कूल के समय से ही डांस और योग में बड़े छोटे सौ से अधिक आवार्ड अपने नाम कर चुकी हैं. बिष्टुपुर स्थित बेल्डीह चर्च स्कूल से शिक्षा पूरी करने के बाद प्रिया ने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा. वेस्टर्न डांस और योग एडुकेटर के रूप में लगातार आगे बढ़ती रहीं. वह योग मेडिकल साइंस की शिक्षा पूरी कर चुकी हैं. वे वर्तमान में प्रोफेशनल डांस आर्टिस्ट, योगा टीचर, योग एडुकेटर, योग चैरिटेबलर में रूप में काम कर रही हैं. देश के विभिन्न शहरों में 13 बार ईस्ट डांस चैंपियनशिप, तीन बार नेशनल डांस चैंपियनशिप और दो बार टाइम्स नेशनल ऑनर अवार्ड जीत चुकी हैं. बातचीत में उन्होंने बताया कि वे गरीब बच्चों को निःशुल्क डांस और योग सिखाती हैं. उनके इस काम में उनकी डॉक्टर मां और पिता पूरा सहयोग करते हैं.



