लखनऊ / जमशेदपुर : क्रीड़ा भारती का चौथा राष्ट्रीय अधिवेशन लखनऊ स्थित वाटर पार्क रिसोर्ट में राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल सैनी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई. तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय अधिवेशन का १६ दिसंबर को सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबळे ने अपने आशीर्वचन से शुभारंभ किया था. दत्तात्रेय होसबळे ने जीवन में खेल के महत्व और खेल के क्षेत्र में क्रीड़ा भारती के योगदान को बताया. उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ मेडल प्राप्त करने के लिये नहीं बल्कि आनंद के लिए खेलें. समापन सत्र में उतर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश यादव उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने अखिल भारतीय क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में उत्तीर्ण हुए बच्चों को सम्मानित किया. मंत्री महोदय ने क्रीड़ा भारती के बेहतर भविष्य की कामना की और फिट इंडिया कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिये प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया. क्रीड़ा भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रसाद महानकर ने २०२५ तक क्रीड़ा भारती के कार्यो को सभी प्रखंडों, जनजातीय समूह से लेकर महानगरों तक ले जाने का आह्वान किया तथा आगामी तीन वर्षों में ५ हजार क्रीड़ा केंद्र चलाने का लक्ष्य रखा है. (नीचे भी पढ़ें)
महामंत्री राज चौधरी ने गत वर्षों में क्रीड़ा भारती द्वारा हुए कार्यक्रमों का विवरण देते हुए कहा कि क्रीड़ा भारती सिर्फ खिलाड़ियों का नहीं बल्कि १४० करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व करता है. इसका उद्देश्य ‘स्वस्थ भारत समृद्ध भारत’ बनाना है. अधिवेशन में कार्याध्यक्ष चेतन कुमार कश्यप, उपाध्यक्ष नारायण सिंह राणा, राष्ट्रीय शारीरिक प्रमुख एवं क्रीड़ा भारती के पालक अधिकारी जगदीश, ओलेंपिक मेडलिस्ट योगेश्वर दत्त, देवेन्द्र झझरीया सहित दर्जनों ओलंपियन,द्रोणाचार्य एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी, राष्ट्रीय पदाधिकारी तथा ४५ प्रांत के ५३८ अधिकारी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
झारखंड प्रांत से क्षेत्र प्रमुख ललन सिंह, मातृ शक्ति क्षेत्र प्रमुख शकुन्तला मिश्रा, अध्यक्ष फूल सिंह, मंत्री राजीव कुमार, सह मंत्री संजीत कुमार रॉय, प्रांत संपर्क प्रमुख कौशल सिंह, प्रांत क्रीड़ा केंद्र प्रमुख रवींद्र टुड्डू, प्रांत युवा प्रमुख मोनू शुक्ला, प्रांत कार्यालय प्रमुख झेन चौधरी, प्रांत सूर्यनमस्कार प्रमुख रफ़िया नाज़ एवं धनबाद विभाग संयोजक मनोज कुमार राय उपस्थित रहे. क्रीड़ा भारती झारखंड के मंत्री राजीव कुमार ने ये जानकारियां दीं.











