बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के रांगुनियां सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रांगण में स्कूल के प्रथम छात्र शुभ्रकांति घोष की प्रतिमा का सोमवार को अनावरण हुआ. पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह राइट्स लिमिटेड के स्वतंत्र निदेशक डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने अन्य अतिथियों की उपस्थिति में प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया. विद्या मंदिर के प्रथम छात्र शुभ्रकांति घोष विद्यालय के संस्थापक सचिव श्रीवत्स घोष के सुपुत्र थे. वे इंटर एवं पॉलिटेकनिक की पढ़ाई के बाद टाटा मोटर्स में इंटर्नशिप कर रहे थे, किन्तु इसी वर्ष एक सड़क हादसे में उनका निधन हो गया. शुभ्रकांति घोष पूरे क्षेत्र के लोगों के चहेते थे. इस अवसर पर डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ दिनेश कुमार षाड़॔गी, प्रमुख शिक्षाविद अर्धेन्दु प्रहराज, सुधाकर परिहारी एवं श्रीवत्स घोष ने भी अपने विचार रखे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ गोस्वामी ने शुभ्रकान्ति घोष के असमय निधन को अत्यंत दुखद बताया. उन्होंने कहा कि शुभ्रकान्ति मेधावी छात्र था. डॉ गोस्वामी ने कहा कि इस शिशु विद्या मंदिर का शैक्षणिक विस्तार करना शुभ्रकान्ति के प्रति श्रद्धांजलि होगी. आज के समय में विद्यालय तथा अस्पताल खोलना सबसे बडा धर्म है. इस अवसर पर सुमन कल्याण मंडल, रंजीत बाला, कृष्णरंजन साव, आशीष महापात्र, राजकुमार कर, निमाई चंद पैड़ा, काजोल महाकुड़, वीणा पात्र, ज्योत्स्नामयी बेरा, रोहित कुइला, असीम सेनापति, पंचानन मुंडा, सुमंत श्यामल, रतन राऊत, राजीव महापात्र, शशांक शेखर पाल, अशोक नायक, सौमित्र बासुरी, भक्तिश्री पांडा,विजय भंडारी, कृष्ण मुरारी, मधुसुधन साव, मुन्ना पाल समेत अनेक गणमान्य लोग भी उपस्थित थे.











