जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थानांतर्गत बारीडीह स्थित जयंती वास्तु विहार के निवासी बीएस रावत ने जमशेदपुर एसडीओ ऑफिस के बड़ा बाबू नंदकिशोर सिंह पर अपने फ्लैट पर कब्जा कर लेने और छोड़ने के लिए कहने पर मारपीट करने एवं धमकाने का आरोप लगाया है. बीएस रावत ने नशे की हालत में आकर उनके द्वारा बार-बार परेशान किये जाने का आरोप भी लगाया है. श्री रावत ने कहा है कि बिल्डर को भी पूरी बात की जानकारी है, लेकिन उसकी भी नंदकिशोर सिंह से मिलीभगत है. श्री रावत ने कहा है कि एनके सिंह ने उन्हें फ्लैट छोड़ देने की धमकी देते हुए ऐसा नहीं होने पर बुरे अंजाम की चेतावनी भी दी है. (नीचे भी पढ़ें)
बारीडीह के 80, जयंती वास्तु विहार के रहनेवाले बीएस रावत ने कहा है कि बिल्डर वास्तु विहार टेक्नोकल्चर बिल्डिंग सेंटर से जून 2006 में बुकिंग की थी. लेकिन बिल्डर ने उन्हें वर्ष 2009 तक मकान नहीं दिया. बार-बार आग्रह करने के बाद भी वह उन्हें झांसा देता रहा और वर्ष 2013 में जाकर उसने उन्हें डुप्लेक्स हैंडओवर किया, जिसमें वे फिलहाल रह रहे हैं. लेकिन इसके अलावा एक अन्य फ्लैट की बुकिंग भी कराई थी, लेकिन बिल्डर ने आज तक उन्हें फ्लैट मुहैया नहीं कराया है. उनके अनुसार नक्शा पास नहीं होने के बहाने उन्हें लटकाकर रखा गया और वर्ष 2014 में बिल्डर ने काम शुरू किया. इसके कुछ दिन बाद ही कोई गुप्ता जी उनके फ्लैट पर दावा करने लगे, जिसका उन्होंने विरोध किया. इसके बाद बिल्डर ने बिना रजिस्ट्री कैंसिल किये ही वर्ष 2022 में उनका फ्लैट नमिता सिंह एवं नंदकिशोर सिंह के नाम कर दिया. उन्होंने बताया कि इसका विरोध करने पर नंदकिशोर सिंह अपनी ऊपर तक पहुंच का हवाला देते हुए उन्हें धमका रहे हैं. रावत ने नंदकिशोर सिंह, उनकी पत्नी एवं दोस्त सुधीर सिंह पर खुद को किसी न किसी रूप में परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वे कई बार थाना में भी इसकी शिकायत करने गये, किन्तु वहां भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है.




