घाटशिला: घाटशिला महाविद्यालय के चार वर्ग कक्ष निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य का भूमि पूजन कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो गंगाधर पंडा ने शुक्रवार को किया. इससे पूर्व कुलपति के आगमन पर संथाली विभाग के छात्र -छात्राओं ने पारंपरिक रूप से उनका स्वागत किया. कार्यक्रम स्थल पर प्राचार्य डॉ आर के चौधरी ने उन्हें अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया. प्राचार्य ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कॉलेज के विकास को लेकर भावी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार के उच्चतर शिक्षा अभियान विभाग से महाविद्यालय के जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्य हेतु एक करोड़ चालीस लाख रुपए स्वीकृत किया गया है. इसका ऑनलाइन शिलान्यास झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिछले माह ही कर चुके हैं. कुलपति ने कहा कि घाटशिला महाविद्यालय कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत एकमात्र ऐसा महाविद्यालय है जिसे नैक द्वारा ए ग्रेडिंग प्राप्त है.(नीचे भी पढ़े)
यहां के प्राचार्य डॉ आर के चौधरी जिस तरह यहां के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, अधिकारियों और अपने कर्मियों को साथ लेकर चल रहे हैं इससे प्रतीत होता है कि आगे इस महाविद्यालय का और भी तेजी से विकास होगा. उन्होंने कहा कि यहां जो शिक्षकों की कमी है उसे शीघ्र ही पूरा किया जाएगा. कुलपति ने जिला पार्षद देवयानी मुर्मू, पार्षद करण सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार एस अभिनव, सांसद प्रतिनिधि दिनेश साव, विधायक प्रतिनिधि जगदीश भकत, मुखिया पार्वती मुर्मू, देश पारगाना बेजू मुर्मू, समाजसेवी निर्मल झुनझुनवाला, सत्यनारायण जैन, सुशील बंसल, विश्वविद्यालय के सीसीडीसी डॉ मनोज कुमार महापात्रा, बहरागोड़ा कॉलेज के प्राचार्य डॉ बालकृष्ण बेहरा समेत अन्य को अंग वस्त्र देकर कॉलेज के विकास में सहयोग के लिए सम्मानित किया.











