चाकुलिया: चाकुलिया के कुचियाशोली पंचायत स्थित शिव मंदिर मैदान में खेले जा रहे कुचियाशोली प्रीमियर लीग के दूसरे संस्करण का फाइनल का खिताब लखिन्द्र स्पोर्टिंग ने जीत लिया है. फाइनल मैच का उद्घाटन सांसद प्रतिनिधि पार्थो महतो और कुचियाशोली पंचायत की मुखिया दमयंती मुर्मू ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त कर किया. फाइनल मैच में लायंस स्पोर्टिंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में कुंतन ग्वाला की 23 गेंदों में 61 रनों की पारी के बदौलत नौ विकेट खोकर 128 रन बनाया. लखिन्द्र स्पोर्टिंग टीम की तरफ से सौरभ गांगुली ने तीन ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए. 129 रनों का लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखिन्द्र स्पोर्टिंग की टीम ने 13 गेंद शेष रहते 129 रन बनाकर मैच को आठ विकेट से जीत लिया.(नीचे भी पढ़े)
टीम की तरफ से सौरव गांगुली ने बेहतरीन 26 गेंदों में 86 रनों की पारी खेली. सौरभ गांगुली को फाइनल मैच का मैन ऑफ द मैच चुना गया. फाइनल मैच में विजेता टीम को सांसद प्रतिनिधि पार्थो महतो द्वारा ट्रॉफी और 9501 रुपए और उपविजेता टीम को उपमुखिया सपन महतो के द्वारा ट्रॉफी और 6501 रुपए देकर सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता का मैन ऑफ द सीरीज सौरव गांगुली, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज आनंद सिंह, सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज अमरेश कुमार, कैच ऑफ द टूर्नामेंट पृथ्वीनाथ टुडू को चुना गया. मौके पर कुचियाशोली पंचायत के उपमुखिया सपन महतो,रसिक टुडू, रसपाल गांव के प्रधान सुनाराम किस्कु,राहुल सिंह,किशोर सिंह,दीपक सिंह,चिन्मय महतो,गोपाल सिंह समेत अन्य उपस्थित थे.











