आदित्यपुर : आगामी नये साल एवं मकर के उत्साह में हुड़दंग मचानेवालों पर नकेल कसने के लिए सरायकेला-खरसावां पुलिस ने पूरे जिले में एंटी क्राइम चेकिंग तेज कर दी है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार को आदित्यपुर एवं आरआइटी थाना क्षेत्र में जगह-जगह एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया. इसके साथ ही होटलों, लॉजों एवं रेस्टोरेंटों में भी जांच की गई. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान वाहनों के कागजात, ट्रिपल राइडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव, आर्म्स-ड्रग्स तस्करी को लेकर विशेष रूप से जांच की गई. इस दौरान होटलों एवं लॉजों में आने-जाने वालों के रिकॉर्ड की भी जांच की गई. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने होटल रेस्टोरेंट एवं लॉज संचालकों को बिना प्रमाण पत्र लिये किसी को भी अपने यहां नहीं रखने का निर्देश दिया. इस संबंध में जानकारी देते हुए आदित्यपुर थाना प्रभारी राजन कुमार ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह जांच अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने लोगों से नये साल का जश्न शांतिपूर्वक मनाने की अपील की. साथ ही लोगों से इस दौरान विधि व्यवस्था संधारण में सहयोग की अपील भी की गई. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि नये साल एवं मकर पर्व के दौरान जो भी सड़क पर हुड़दंग करते पकड़ाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा. उधर आरआइटी थाना क्षेत्र में भी जगह- जगह जांच अभियान चलाया गया. आरआइटी थाना प्रभारी सागरलाल महथा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि एसपी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है, जो अगले महीने भी जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन में लोग उन्मादी होकर गाड़ी चलाते हैं जिसके कारण लोग दुर्घटना का शिकार होते हैं. उन्होंने लोगों से सावधानी पूर्वक वाहन चलाने की अपील करने के साथ ही वाहन से संबंधित सभी जरूरी कागजात साथ लेकर चलने की भी अपील की. इधर पुलिस की औचक जांच से बगैर कागजात लिये वाहन चलाने वाले लोगों में हड़कंप मचा रहा.











