सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला आबकारी अधिकारियों ने शनिवार को गम्हरिया थाना क्षेत्र के गंडिया डुंगरी में संचालित शराब भट्ठी पर छापामारी की. इस दौरान अधिकारियों ने भट्ठी ध्वस्त करते हुए वहां से करीब 3000 किलो जावा महुआ एवं 7 लीटर अवैध देसी शराब बरामद किया. अधिकारियों ने बरामद जावा महुआ को भी वहीं नष्ट कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि वहां अशोक मंडल, बाबूलाल मंडल, शंकर मंडल व दिलीप मंडल द्वारा अवैध शराब भट्ठी संचालित की जा रही थी. जिला उत्पाद अधीक्षक को इसकी गुप्त रूप से सूचना मिली थी. इस सूचना के आधार पर अवर निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में गठित टीम ने भट्ठी पर छापामारी की कार्यवाई की. हालांकि इस दौरान भट्ठी संचालक वहां से फरार होने में सफल रहे. आबकारी अधिकारी इस संबंध में मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रहे हैं. इस संबंध में जानकारी देते हुए उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने बताया कि विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने क्षेत्र के लोगों से भी आग्रह किया है कि उन्हें जहां भी अवैध शराब भट्ठी संचालन की जानकारी मिले, वे विभागीय अधिकारियों को इसकी सूचना दें, उनका नाम गुप्त रखा जाएगा. उन्होंने बताया कि छापामार दल में उनके साथ शंभु सिंह, शिवनाथ राम, सौदागर सिंह एवं सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे.











