सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र कुचाई में जिला पुलिस एवं सीआरपीएफ की ओर से लगातार सामुदायिक पुलिसिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि समाज के अंतिम पायदान तक बैठे लोगों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके. बता दें कि कुचाई के रोलाहतु पंचायत के पुनिसीर में सीआरपीएफ कैम्प का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें ग्रामीण पूरा सहयोग कर रहे हैं. ग्रामीणों में सुरक्षा का भाव स्थापित करने और पुलिस पब्लिक के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस एवं सीआरपीएफ द्वारा क्षेत्र में लगातार सामुदायिक पुलिसिंग अभियान चलाया जा रहा है. शनिवार को एक बार फिर से एसपी आनंद प्रकाश के नेतृत्व में रोलाहतु पंचायत के पुनिसीर में ग्रामीणों के बीच कंबल, युवाओं को स्पोर्ट्स किट और बच्चों के बीच पाठ्य सामग्रियों का वितरण किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक अभियान पुरुषोत्तम कुमार, सीआरपीएफ 157 बटालियन के प्रणव शेखर, सहायक समादेष्टा संजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक भीम लाल पासवान, गौरव कुमार समेत अन्य उपस्थित थे. एसपी आनंद प्रकाश ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन के साथ मिलजुल कर काम करने एवं विकास की गति को और तेज करने में ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिल रहा है. क्षेत्र में अमन शांति के लिए ग्रामीण कृत संकल्पित हैं. उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए क्षेत्र का विकास होना अति महत्वपूर्ण. वहीं ग्रामीणों द्वारा आश्वासन दिया गया कि पुलिस प्रशासन को इलाके के विकास के लिए पूरा सहयोग किया जायेगा. उसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुनिसीर पिकेट का निरीक्षण किया एवं जवानों का हाल जाना.













