जमशेदपुर : बक्सर से ब्याह कर आयी नम्रता शर्मा की कदमा के रामजनम नगर स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. नम्रता शर्मा के पिता मनोज शर्मा का आरोप है कि उनकी बेटी को गला घोट कर मार दिया गया और फिर उसे फांसी का रूप देने के उद्देश्य से शव को फंदे से लटका दिया गया। मनोज शर्मा ने कदमा थाने में आवेदन देकर नम्रता शर्मा के पति दीप नारायण शर्मा, सास उर्मिला शर्मा, ननद अंजलि शर्मा, जीजा संजीव शर्मा और देवर अभिषेक शर्मा के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगाया है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
मनोज शर्मा ने बताया कि नम्रता शर्मा का विवाह 21 नवंबर 2021 को दीप नारायण शर्मा के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही नम्रता शर्मा से दहेज की मांग की जाने लगी और उसे प्रताड़ित किया जाने लगा था। 23 दिसंबर को ससुराल से मनोज शर्मा को फोन किया गया कि अपनी बेटी को ले जाइए। उसके बाद दीप नारायण शर्मा ने फोन किया कि उनकी बेटी ने फांसी लगा ली है। मनोज कुमार शर्मा आनन-फानन में घर से निकले और 23 दिसंबर की शाम करीब 6:00 बजे रामजनम नगर दीप नारायण शर्मा के घर पहुंचे, तो देखा उनकी बेटी मृत पड़ी थी। उन्होंने मांग की है कि उनकी बेटी के हत्यारों को जल्द सजा दी जाए।












