जमशेदपुर : में हिन्दू उत्सव समिति की एक बैठक शनिवार को समिति के बिष्टुपुर स्थित कार्यलय में हुई. पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी सोनारी स्थित दोमुहानी घाट पर हिन्दू उत्सव समिति व उम्मीद, एक अभियान के संयुक्त तत्वाधान में दोमुहानी संगम महोत्सव-2023 का आयोजन किया गया है. इसमें संगम तट पर बनारस ओर हरिद्वार की तर्ज पर ही भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जायेगा. इस कार्यक्रम में संध्या बेला में सांस्कृतिक कार्यक्रम, नदी पूजन, भगवती स्वरूपा स्वर्णरेखा की भव्य आरती एवं उसके पश्चात् विचार गोष्ठी का आयोजन किया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह ने बताया है कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहर की जीवन रेखा कही जाने वाली स्वर्णरेखा नदी को आस्था से जोड़कर इसके वर्तमान स्वरूप को बचाये रखना है. प्रत्येक वर्ष नदी के जलस्तर का गिरना और नदी का प्रदूषित होना चिंता का विषय है. ऐसे में हरसंभव प्रयास कर लोगों को नदी एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना है. गंगा मां की भव्य आरती करने के लिए बनारस से 11 पुरोहितों को आमंत्रित किया जा रहा है, जो पारंपरिक परिधान में बड़े दिया और डमरू के साथ 48 मिनट का गंगा आरती सम्पन्न करेंगे. इस कार्यक्रम में अनेक श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहेगी.












